पूर्वोत्तर में 'जल प्रलय', अब तक 23 की मौत, असम में बाढ़ के कारण 4 लाख लोग प्रभावित

नई दिल्ली, उत्तर और पूर्वोत्तर भारत की ओर मॉनसून बढ़ रहा है. इसी के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हुई. हवा में आर्द्रता आने से दिल्ली में धूल भरे मौसम से लोगों को राहत मिली. उधर, असम में बाढ़ से स्थिति और खराब हो गई है, इससे 6 जिलों में साढ़े चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. 23 लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है.
यहां बाढ़ से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. कल बाढ़ के कारण पांच लोगों को जान गंवानी पड़ी है.एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है.
पंजाब हरियाणा में भी बारिश...
पंजाब और हरियाणा में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई. चंडीगढ में आज सुबह बारिश हुई और यहां का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हरियाणा में अम्बाला का तापमान 30 डिग्री , करनाल का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से दस डिग्री कम है.
पंजाब में लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में अधिकताम तापमान क्रमश : 29.9 डिग्री , 29.4 डिग्री और 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
चुरू सबसे गर्म...
राजस्थान में चुरू सबसे अधिक गर्म रहा और वहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी तरह प्रदेश के जैसलमेर , कोटा , जयपुर , बाड़मेर और बीकानेर का अधिकतम तापमान क्रमश : 40.5, 39.8, 39.7, 39.6 तथा 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हिमाचल में भी बरसे बादल...
हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हुई है. शिमला उसके आसपास के क्षेत्रों में रूक-रूककर बारिश हुई. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.